उत्तराखंड
Rajya Sabha Election 2020: नरेश बंसल उत्तराखंड से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार घोषित
देहरादून: उत्तराखंड में राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए नौ नवंबर को होने वाले चुनाव में भाजपा ने सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेश बंसल को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया।
पार्टी उपाध्यक्ष डॉ देवेंद्र भसीन ने यहां बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तराखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बंसल के नाम का ऐलान कर दिया है।
प्रदेश में 20 सूत्री कार्यक्रम के अध्यक्ष बंसल के नाम के ऐलान को राजनीतिक और पार्टी हलकों में काफी चौंकाने वाला माना जा रहा है क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री और 2016 में कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए विजय बहुगुणा सहित कई नेताओं के नाम पर अटकलें लगायी जा रही थीं।
कांग्रेस नेता राज बब्बर का कार्यकाल पूरा होने से खाली हो रही प्रदेश की एकमात्र सीट पर नौ नवंबर को चुनाव होगा।
मंगलवार को भरेंगे पर्चा, चुना जाना तय
राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नरेश बंसल मंगलवार को विधानसभा में पर्चा भरेंगे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार समेत पार्टी के कई पदाधिकारी व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
50 साल की सेवा को ईनाम
बंसल आठ साल की आयु से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आए। निम्न मध्यम वर्गीय परिवार और वैश्य समाज से जुड़े बंसल आरएसएस के सक्रिय स्वयंसेवक होने के साथ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री, प्रदेश महामंत्री और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहे हैं। पार्टी ने राज्यसभा का प्रत्याशी बनाकर उन्हें उनकी 50 साल की सेवा का ईनाम दिया है।
शिव प्रकाश की चली
राज्यसभा के चुनाव में नरेश बंसल का टिकट फाइनल करने में राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश का प्रभाव भी माना जा रहा है। सियासी जानकारों का कहना है कि बंसल को केंद्रीय संगठन में तगड़ा प्रभाव रखने वाले शिव प्रकाश का सहयोग प्राप्त हुआ।
बंसल को उम्मीदवार बना साधा पहाड़-मैदान में संतुलन
भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने राज्यसभा के चुनाव में पार्टी के पूर्व संगठन महामंत्री नरेश बंसल को उम्मीदवार बनाकर जहां संगठन को महत्व दिया तो वहीं पहाड़ और मैदान में भी संतुलन साधा है। बंसल मैदान से हैं और वैश्य समाज से ताल्लुक रखते हैं। उन्हें सम्मान देकर पार्टी ने वैश्य समाज के साथ मैदान को भी तरजीह दी है।
लोकसभा और राज्यसभा में वर्तमान में भाजपा को जो चेहरे उत्तराखंड प्रतिनिधित्व करते हैं, सभी का संबंध पहाड़ से है। लोकसभा में हरिद्वार से डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, टिहरी से महारानी राज्यलक्ष्मी, अल्मोड़ा से अजय टम्टा, नैनीताल से अजय भट्ट और गढ़वाल से तीरथ सिंह रावत, इन सभी की जड़ें पहाड़ में हैं।
इसी तरह राज्यसभा में अनिल बलूनी राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे भी पहाड़ से ही ताल्लुक रखते हैं। ऐसे में भाजपा ने मैदान से नरेश बंसल को उम्मीदवार बनाकर संतुलन साधने का प्रयास किया। साथ ही पार्टी की लंबे समय से सेवा करने का इनाम भी दिया।
राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने से मैं पार्टी नेतृत्व का आभारी हूं। यह वरिष्ठ जनों और पार्टी कार्यकर्ताओं की सद्भावना से संभव हुआ।
– नरेश बंसल, राज्य सभा प्रत्याशी
मैं नरेश बंसल को शुभकामनाएं देता हूं। वह पार्टी के बहुत अच्छे और पुराने कार्यकर्ता हैं। वह जमीन से जुड़े नेता हैं। उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने से पार्टी के आम कार्यकर्ता का भी सम्मान बढ़ा है।
– बंशीधर भगत, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
नरेश बंसल को मेरी ओर से बधाई। पार्टी ने बहुत वरिष्ठ कार्यकर्ता को स्थान दिया। वह लंबे समय से पार्टी की सेवा कर रहे हैं। उनके राज्यसभा में जाने से पार्टी को ताकत मिलेगी।
– त्रिवेंद्र सिंह रावत, मुख्यमंत्री
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 उत्तराखंड टुडे के वाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें
👉 उत्तराखंड टुडे के फेसबुक पेज़ को लाइक करें
Latest News -
Keuntungan Menggunakan Slot QRIS Solusi Transaksi Cepat dan Praktis untuk Pemain Indonesia
डीएम सविन बंसल की कार्यशैली को जनसमर्थन, लापरवाही पर कार्रवाई, जनता का भरोसा मजबूत…
उत्तराखंड: धामी सरकार के नाम एक और कीर्तिमान उत्तराखण्ड में पर्यटकों की संख्या ने तोड़ा रिकॉर्ड…
होटल में निवेश के नाम पर 2 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज…
मुख्यमंत्री ने 1035 सहायक अध्यापकों को सौंपे नियुक्ति पत्र, शिक्षा के स्तर को नई मजबूती…















Subscribe Our channel