उत्तराखंड
उत्तराखंड के हर जिले में खुलेंगे गुरुकुल शैली के आवासीय मॉडल स्कूल, आधुनिक सुविधाओं से होंगे लैस…
देहरादून : उत्तराखंड सरकार छात्रों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय परंपरा और संस्कृति से जोड़ने के लिए एक नई पहल करने जा रही है। राज्य के हर जिले में गुरुकुल की तर्ज पर आवासीय मॉडल स्कूल बनाए जाएंगे। यह निर्णय शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को विधानसभा भवन में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में लिया गया।
इन स्कूलों में कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भारतीय पारंपरिक ज्ञान और संस्कारों का भी समावेश होगा। इन विशिष्ट स्कूलों में प्रवेश के लिए मानक तय किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन स्कूलों का खाका जल्द तैयार किया जाए, जिसमें पर्याप्त भूमि और अन्य मूलभूत सुविधाओं का प्रावधान हो।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इन मॉडल स्कूलों का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय परंपरा और संस्कृति से जोड़ना है। इन स्कूलों में छात्रों को पारंपरिक शिक्षा जैसे योग, वेद अध्ययन, भारतीय शास्त्र और नैतिक मूल्यों का ज्ञान दिया जाएगा। इसके साथ ही, विज्ञान, गणित और तकनीकी विषयों पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। डॉ. रावत ने कहा कि इन स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के चरित्र निर्माण पर भी ध्यान दिया जाएगा। यह पहल नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और आधुनिकता के बीच संतुलन बनाए रखने में मदद करेगी।
आवासीय मॉडल स्कूलों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इन स्कूलों में छात्रों के लिए आधुनिक कक्षाएं, खेल के मैदान, पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशालाओं की व्यवस्था होगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन स्कूलों में पारंपरिक भारतीय शिक्षा पद्धति का समावेश छात्रों के व्यक्तित्व विकास में सहायक होगा।
बैठक में शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का डिजिटल डेटा सुरक्षित रखने के लिए “मानव संपदा पोर्टल” विकसित करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश में एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर) का विस्तार किया जाएगा।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 उत्तराखंड टुडे के वाट्सऐप ग्रुप से जुड़ें
👉 उत्तराखंड टुडे के फेसबुक पेज़ को लाइक करें